रेवाड़ी में भूमि अधिग्रहण के विरोध में महापंचायत कल
भूमि अधिग्रहण विरोधी संघर्ष समिति ने रेवाड़ी में भूमि अधिग्रहण के विरोध में 22 जुलाई को राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित आसलवास गांव में 51 गांवों की महापंचायत बुलाई गई है. जिसमें संघर्ष की भावी रणनीति तय की जाएगी. भूमि अधिग्रहण विरोधी संघर्ष समिति गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को महापंचायत का न्यौता दे रही है. 22 जुलाई की पंचायत में समिति द्वारा अनेक दिग्गज व किसान नेताओं को बुलाया गया है. गौरतलब है कि बावल क्षेत्र के गांव आसलवास सहित अनेक गांवों के लोग भूमि अधिग्रहण के विरोध में पिछले डेढ़ माह से आंदोलनरत हैं.
किसानों ने देखा की प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहा है तो 15 जुलाई को जिला सचिवालय की तालाबंदी की योजना बनाई. जब किसान अंदर घुसे तो किसानों व पुलिस के बीच जमकर संघर्ष हुआ। पुलिस दमन के विरोध में भूमि अधिग्रहण विरोधी संघर्ष समिति ने 17 जुलाई को रेवाड़ी बंद का आह्वान किया. रेवाड़ी बंद के तहत समिति से जुड़े सदस्यों ने प्रदर्शनकारियों के साथ नगर के सभी बाजारों में प्रदर्शन करते हुए व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की, साथ ही प्रशासन द्वारा किसानों पर की जा रही दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में चल रहे आंदोलन में सहयोग करने की.
फिलहाल संघर्ष जरी है पुलिस पथराव में घायल 15 से अधिक लोग विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं. संघर्ष समिति 22 जुलाई को जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के 51 गांवों की महापंचायत की तैयारी में लगी है. जिसमें भावी रणनीति तय की जाएगी.