उत्तर प्रदेश: उजाड़ीकरण के खिलाफ मिर्ज़ापुर में पथ-विक्रेताओं का विशाल विरोध प्रदर्शन
सोमवार, 24 नवम्बर 2025 को विंध्य हॉकर यूनियन सम्बद्ध नेशनल हॉकर फेडरेशन के ‘एंटी एविक्शन डे’ (उजाड़ीकरण विरोध दिवस) के अवसर पर घंटाघर मैदान, मिर्जापुर में एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में शहर के विभिन्न इलाकों से आए पथ विक्रेताओं, मजदूरों और अन्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों ने भारी संख्या में भाग लेकर मुकेरी बाजार मार्केट सहित कई क्षेत्रों में हो रहे उजाड़ीकरण का तीव्र विरोध दर्ज कराया। उजाड़ीकरण से आजीविका पर गहरा संकट उत्पन्न होने की स्थिति पर संगठनों ने गहरी चिंता जताई।
संगठनों ने कहा कि लगातार हो रही उजाड़ीकरण कार्रवाई से गरीब मजदूरों और पथविक्रेताओं की रोज़गार सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने मांग की कि,पथविक्रेताओं और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, सभी प्रकार के अवैध उजाड़ीकरण पर पूर्ण रोक लगाई जाए, तथा प्रशासन उनके अधिकारों और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करे साथ ही पथ विक्रेता कानून 2014 को अक्षरशः लागू करें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मनीष सिंह एड राष्ट्रीय सचिव(एन एच एफ) धीरज पांडेय अध्यक्ष (विंध्य हॉकर्स यूनियन), आशीष गुप्ता एडवोकेट, पूजा वर्मा,राहुल गुप्ता (विंध्याचल) आकाश बिंद, सदरूद्दीन गहरवार, शहनाज, जमीला, सुदामा (घंटाघर), फिरोज राइन गीता देवी (मुकेरी बाजार), जिनेंद्र (अस्पताल), कन्हैया (संगमोहल), मोनू (रोडवेज) साथ ही विभिन्न बाजारों के सैकड़ों पथविक्रेता और मजदूर उपस्थित रहे।
संगठनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक पथविक्रेताओं और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के अधिकारों की सुरक्षा नहीं होती, आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।