संघर्ष संवाद
Sangharsh Samvad

हरियाणा : बेलसोनिका प्रबंधन की तानाशाही के खिलाफ बेलसोनिका मजदूर यूनियन का संघर्ष जारी

हरियाणा, गुड़गांव स्थित बेलसोनिका ऑटो कंपनी लगभग पिछले दो सालों से कंपनी के अंदर फर्जी दस्तावेजों के नाम पर स्थाई मजदूरों की खुली-छिपी छंटनी कर रही है। कंपनी लगातार प्लांट के स्थाई मजदूरों को निलंबित कर ठेकेदारी पर मजदूरों को भर्ती कर रही है। इस दिशा में दिवाली के समय छुट्टियों की आड़ में कंपनी ने अपने तीन मजदूरों को नौकरी से निकाल दिया था। बेलसोनिका यूनियन लगातार कंपनी के मजदूरों के हितों में तथा ठेकेदारी प्रथा के खिलाफ प्रबंधन के साथ संघर्ष कर रही है। यूनियन के इस संघर्ष को दबाने के लिए कंपनी लगातार यूनियन पर हमले कर रही है। इसी क्रम में 17 मार्च 2023 को कंपनी प्रबंधन ने यूनियन के तीन पदाधिकारियों-मोहिंदर कपूर (प्रधान), अजीत सिंह (महासचिव) तथा सुनील कुमार (संगठन सचिव) को निलंबित कर दिया। जब यूनियन ने कंपनी प्रबंधन के इस कदम का विरोध किया तो प्रबंधन ने भारी पैमाने पर कंपनी परिसर के अंदर बाउंसर्स तथा पुलिस बल तैनात कर दिया। कंपनी प्रबंधन लगातार मजदूरों के बीच भय का माहौल पैदा कर रहा है जिससे यूनियन का संघर्ष खत्म करने की कोशिश कर रहा है जिससे कि वह बिना किसी रुकावट मजदूरों की छंटनी कर सके।

बेलसोनिका यूनियन न केवल अपनी कंपनी बल्कि आईएमटी,मानेसर स्थित तमाम कंपनियों में मजदूरों के शोषण-उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाती रही है। यूनियन कंपनी प्रबंधन के इस अन्याय पूर्ण कार्यवाहियों के खिलाफ लगातार संघर्ष कर रही है। आज जरूरत है कि बेलसोनिका मजदूरों के इस न्यायपूर्ण संघर्ष में उनके साथ खड़े होकर मजदूरों के हकों की आवाज को बुलंद किया जाए। पढ़िए बेलसोनिका मजदूर यूनियन का बयान;

लाल सलाम साथियों!

जैसा कि आप सभी को पता है कि बेलसोनिका यूनियन व प्रबंधन के बीच संघर्ष लगातार जारी है। बेलसोनिका यूनियन व प्रबंधन के बीच सहायक श्रम आयुक्त की मध्यस्ता में वार्ताएं चली हुई हैं। दिनांक 15 मार्च 2023 को सहायक श्रम आयुक्त की मध्यस्ता में बेलसोनिका यूनियन और बेलसोनिका प्रबंधन के बीच वार्ता जारी थी। जिसमें दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखते हुए प्लांट के अंदर शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे और आगामी समाधान वार्ता 20 मार्च 2023 को बुलाई गई थी। लेकिन बेलसोनिका प्रबंधन अपनी हठधर्मिता पर उतर आया है और बेलसोनिका प्रबंधन ने दिनांक 17 मार्च 2023 को यूनियन के तीन पदाधिकारियों यूनियन के प्रधान मोहिंदर कपूर, महासचिव अजित सिंह व संगठन सचिव सुनिल कुमार को सस्पेंड कर दिया गया।

प्रबंधन ने अपनी हठधर्मिता दिखाते हुए और दूसरी ओर श्रम विभाग के निर्देशों को नहीं मानते हुए अपनी मंशा को स्पष्ट कर दिया। प्रबंधन ने दिखा दिया कि हम ना तो श्रम विभाग को मान रहे हैं और ना ही यूनियन को मान रहे हैं। बेलसोनिका प्रबंधन ने तय कर लिया कि हम फैक्ट्री से बड़ी संख्या में स्थाई व पुराने ठेका श्रमिकों की छंटनी करेंगे। आज दिनांक 18 मार्च 2023 को सुबह यूनियन ड्यूटी पर आने के लिए पदाधिकारी बसों में बैठे तो बस स्टॉप पर ही बस ड्राईवर के द्वारा रोकने की कोशिश की गई। तीनों पदाधिकारी जैसे तैसे करके ए शिफ्ट के समय कंपनी गेट पर पहुंचे। कंपनी पहुंचे पर कंपनी प्रबंधन ने तमाम बसों को बेलसोनिका के इन गेट पर ही रोक दिया।

श्रमिकों ने और यूनियन पदाधिकारियों ने जब इसका कारण पूछा तो प्रबंधन ने कहा कि हमने 3 यूनियन पदाधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है, वह अंदर नहीं जाएंगे इसको लेकर सभी श्रमिकों ने प्रबंधन से कहा कि आप हमारे यूनियन पदाधिकारियों को यूनियन ऑफिस में आने से नहीं रोक सकते और उसके बाद यूनियन के तीन पदाधिकारी शांति पूर्वक संघर्ष करके यूनियन ऑफिस के अंदर आ गए। इसके तुरन्त बाद प्रबंधन ने पुलिस बल को कंपनी में बुला लिया। साथियों बेलसोनिका यूनियन सभी यूनियनों से आशा करती है कि सभी यूनियन पदाधिकारी इस मुद्दे पर एकजुट होकर बेलसोनिका यूनियन के झंडे के नीचे पहुंचे जहां पर आगामी योजना बनाई जा सके।

इसको भी देख सकते है