संघर्ष संवाद
Sangharsh Samvad

मध्य प्रदेश : आर्यन पॉवर कंपनी के लिए हुए जबरन भूमि अधिग्रहण के खिलाफ किसानों की महासभा; मूसामुड़ी 9 अप्रैल 2017

मूसामुड़ी में क्रांतिकारी मोर्चा की महासभा 9 अप्रैल को।
जन आंदोलनों एवं राजनीतिक दलों के नेता होंगे महासभा के वक्ता।

मध्य प्रदेश, सीधी 6 अप्रैल 2017;  टोंको-रोंको-ठोंको क्रांतिकारी मोर्चा के संयोजक उमेश तिवारी ने एक विज्ञप्ति में बताया है कि ग्राम मूसामूड़ी एवं भुमका के किसानों की 1 हजार 1 सौ एकड़ जमीन आर्यन पावर कंपनी के लिए अधिग्रहण के नाम पर 61000 रुपए प्रति एकड़ के दर पर छीन ली गई है। अवैधानिक तरीके से छल पूर्वक छीनी गई अपनी जमीन वापस पाने तथा दोषियों के विरुद्ध पुलिस में FIR किए जाने हेतु विगत 6 वर्षों से अधिग्रहण प्रभावित किसान टोंको-रोंको-ठोंको क्रांतिकारी मोर्चा के बैनर तले संघर्ष कर रहे हैं।

संघर्ष के सिलसिले में 24 फरवरी से 29 मार्च 2017 तक यानी 34 दिन तक किसानो के द्वारा क्रमिक भूख हड़ताल की गई। चौतरफा दबाव से आखिर जिला प्रशासन ने आंदोलनकारी किसानों से चर्चा की और चर्चा के दौरान यह कहा कि हम यह स्वीकार करते हैं कि भूमि अधिग्रहण हेतु की गई कार्यवाही में व्यापक अनियमितता की गई है हम दोषपूर्ण अधिग्रहण की कार्यवाही को निरस्त किए जाने हेतु मध्य प्रदेश सरकार को अपनी तरफ से प्रतिवेदन भेजूंगा तथा जिन 10 आदिवासियों के बंटन के पट्टे को निरस्त किया गया है उसे बाहाल कर दूंगा और बाद जाँच फर्जी ग्राम सभा के लिए दोषी ठहराए गए सचिव के खिलाफ पुलिस को  FIR हेतु पत्र लिखूंगा। जिला प्रशासन के इस वादे के अनुसार भूख हड़ताल आंदोलन को स्थगित कर घोषणा की गई कि 9 अप्रैल 2017 को महासभा कर प्रशासन के वादे की समीक्षा की जाएगी और आगे की योजना पर निर्णय किया जायेगा।

श्री तिवारी ने बताया कि 9 अप्रैल की महासभा मूसामूड़ी में भूख हड़ताल स्थल के पास दिन के 11:00 बजे से आयोजित की गई है। महासभा का उद्देश्य प्रभावित किसानों द्वारा न्याय के लिए किए जा रहे संघर्ष में अधिक से अधिक समर्थन जुटाने का है। महासभा के माध्यम से किसानों के संघर्ष को समर्थन करने की घोषणा जन आंदोलनों के नेता, जनप्रतिनिधि और राजनैतिक दल के नेता करेंगे। महासभा को प्रमुख रुप से यह नेता संबोधित करेंगे- इंद्रजीत कुमार पूर्व मंत्री मध्य प्रदेश सरकार, कामरेड बादल सरोज राज्य सचिव माकपा , कामरेड अरविन्द श्रीवास्तव राज्य सचिव भाकपा, कमलेश्वर पटेल विधायक सिहावल, शिवकुमार शर्मा कक्का जी राष्ट्रीय अध्यक्ष राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ, विनोद सिंह बनारस राष्ट्रीय अध्यक्ष किसान मंच, डॉ सुनीलम पूर्व विधायक, इरफान जाफरी प्रमुख किसान जागृत संगठन भोपाल , राजकुमार सिन्हा नर्मदा बचाओ आंदोलन, संतोष अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन, एडवोकेट आराधना भार्गव प्रदेश उपाध्यक्ष किसान संघर्ष समिति, मनोज त्यागी इलाहाबाद , डॉ. मिथिलेश दांगी प्रदेश अध्यक्ष आजादी बचाओ आंदोलन झारखंड, डॉ. एके खान जिला पंचायत सदस्य जिला कटनी, शेषमणि पनिका जिला पंचायत सदस्य सीधी, श्रीमती प्रीति पनाड़िया जनपद अध्यक्ष देवसर सिंगरौली, इंद्रजीत सिंह राघवेंद्र संघर्ष समिति रीवा, सिद्धार्थ सिंह सतना संयोजक विंध्य किसान संघर्ष मोर्चा, लालमणि त्रिपाठी प्रदेश उपाध्यक्ष अखिल भारतीय नौजवान सभा, का. सुंदर सिंह, का. आनंद पांडे, श्रीमती रंजना मिश्रा लोकसभा अध्यक्ष युवक कांग्रेस सीधी, श्रीमती श्यामवती सिंह पूर्व जिला पंचायत सदस्य, श्रीमती सरोज सिंह जिला समन्यवक एकता परिषद सीधी गेंदलाल सिंह, गुरुप्रसाद कोल,रोहित मिश्रा, का. बलराज सिंह,  श्री राहुल सिंह, राधेश्याम दुबेदी अध्यक्ष शिव शक्ति महादल सहडोल, रितेश त्रिपाठी जिला संगठन प्रमुख आम आदमी पार्टी सतना आदि।

                                          

इसको भी देख सकते है