संघर्ष संवाद
Sangharsh Samvad

तमिलनाडु : योगेंद्र यादव हिरासत में लिए गए, भूमि अधिग्रहण के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन

दिल्ली  8 सितंबर 2018। योगेंद्र यादव ने ट्वीट कर बताया कि जब वह किसानों से मिलने जा रहे थे उनको पुलिस ने रोका और हाथापाई की। उन्होंने बताया, तमिलनाडु पुलिस ने चेंगाम थाने में हिरासत में रखा है। हम यहां इस परियोजना के विरोध के लिये बुलावे पर आए थे। हमें किसानों से मिलने रोका गया, हमारे फोन छीन लिए, हाथापाई की गई और पुलिस में वैन में भर लिया गया।

स्वराज इंडिया, हरियाणा तमिलनाडू पुलिस द्वारा किसान आंदोलन के समर्थन में पहुंचे योगेंद्र यादव व अन्य की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता है।

तमिलनाडू में , 8 लेन चेन्नई सेलम एक्सप्रेसवे के नाम पर अवैध ढंग से भूमि अधिग्रहण के खिलाफ चल रहा है किसान आंदोलन । इसी संघर्ष में स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव व अन्य किसान नेता जब तमिलनाडु के आंदोलित किसानों से मिलने जा रहे थे वहां की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर उनके फोन छीन लिए व बिना बताये अज्ञात जगह ले गई है।

तमिलनाडू में किसानों के अधिकारों का निर्मम रूप से हनन किया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई साबित करती है कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर किस कदर हमला किया जा रहा है।

पहले किसानों को बिना सुने उनकी जमीन छिनने की कार्यवाही फिर आवाज उठाने का अधिकार न देना , यह किसी लोकतांत्रिक राज्य में नहीं हो सकता है। जिस दौर में सुप्रीम कोर्ट कहता है कि असहमति के बिना लोकतंत्र जिंदा नहीं रह सकता। उस दौर में आंदोलन कर रहे किसानों की आवाज सुनने कोई जाए तो यह भी राज्य स्वीकार नहीं कर पा रहा है।
देश भर में किसानों की आवाज उठाने वाले योगेंद्र यादव व अन्य किसान नेताओं के छोटे समूह द्वारा किसानों के शांतिपूर्ण धरने में शामिल होने मात्र से जिस राज्य सरकार को खतरा हो जाता है, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

नवगठित राजनीतिक पार्टी स्वराज इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र यादव आज 8 लेन चेन्नई-सेलम प्रोजेक्ट के बनने से प्रभावित किसानों से मिलने जा रहे थे, जिनकी ज़मीन जबरन छीनी जा रही है। उनके साथ स्वराज इंडिया के बालाकृष्णन, अरुल और कॉमरेड दलीप सिंह भी थे।

सुबह ही योगेंद्र यादव ने कलेक्टर कंडासामी से फोन पर भूमि अधिग्रहण और बाकी शिकायतों के बारे में बात की। कलेक्टर साहब ने मामले में पुलिस की किसी भी दखलंदाज़ी से इनकार किया था। लेकिन कुछ ही मिनटों में तमिल नाडु पुलिस ने योगेंद्र यादव को हिरासत में ले लिया।

योगेंद्र यादव तमिल नाडु में चल रहे भूमि अधिग्रहण को लेकर एक फैक्ट फाइंडिंग टीम का नेतृत्व करेंगे और उन गाँव वालों के साथ उनके दुःख दर्द को साझा करेंगे।

जानकारी मिली है कि पुलिस ने जबरदस्ती सबों का फोन छीना और हाथापाई भी की। फिलहाल पुलिस उन्हें किसी अज्ञात जगह ले गयी है। तमिल नाडु में इस तरह से पुलिस राज का होना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है।

ज्ञात हो कि स्वराज इंडिया पार्टी किसानों के हित में लगातार संघर्ष कर रही है। देश में कहीं भी अन्नदाता किसानों की जमीन अवैध ढंग से हड़पने नहीं दी जाएगी। पार्टी ने देश के किसानों और नौजवानों के लिए अंतिम दम तक संघर्ष करने का भरोसा दिलाया है।

इसको भी देख सकते है